नाली विवाद में एक पक्ष ने की फायरिंग, गोली लगने से महिला प्रधान घायल, पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार
खबर यूपी तक संवाददाता प्रदीप राठौर
जालौन के ग्राम नावली में नाली खुदाई को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष द्वारा जमकर ईंट पत्थर चलाये गये, साथ ही उस पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की गई। इस फायरिंग में ग्राम की महिला प्रधान को गोली के छर्रे लग गए, जिससे वह घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और फायरिंग करने वाले 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया। वहीं घायल महिला प्रधान को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना रेढ़र थाना क्षेत्र के गांव नावली की है। यहां की ग्राम प्रधान ढकेली राठौर के जेठ दयाराम राठौर के दरवाजे पर बुधवार रात गांव के ही रहने वाले विपिन कुमार झां, राजकुमार झां जेसीबी से नाली खोद रहे थे। इसकी जानकारी होने पर प्रधान ढकेली, उनके पति संतराम राठौर, जेठ दयाराम राठौर मौके पर आ गये और नाली खोदने का विरोध करने लगे।
इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी, विवाद इतना बढ़ गया कि देखते देखते ईंट-पत्थर चलने लगे, जिसे देख दूसरे पक्ष के विपिन कुमार झां की ओर से कई राउंड बदूंक से फायर किए गए, जिसमें प्रधान ढकेली के जांघ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गई, जिसके बाद प्रधान के पति संतराम ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर रेढ़र थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घायल प्रधान ढकेली को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नदीगांव में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उरई रेफर कर दिया।
